कल्याण योजनाओं में तेजी लाने का डीसी ने दिया निर्देश, योग्य लाभुकों को जल्द मिले लाभ

Aug 31, 2026 - 20:24
कल्याण योजनाओं में तेजी लाने का डीसी ने दिया निर्देश, योग्य लाभुकों को जल्द मिले लाभ

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में करीब 16 जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुये डीसी ने लंबित योजनाओं को ससमय पूरा करने और योग्य लाभुकों को शीघ्र लाभ देने का निर्देश दिया।

बैठक में प्री-मैट्रिक व पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, बिरसा आवास, धुमकुड़िया भवन, वन अधिकार अधिनियम-2006, पीएमजेवीके (एमएसडीपी), सरना व कब्रिस्तान घेराबंदी, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, छात्रावास जीर्णाेद्धार, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम, पीएम-जनमन सहित धार्मिक स्थल, श्मशान व मसना घेराबंदी-सौंदर्यीकरण योजनाओं की समीक्षा की गई।

डीएसओ देवानंद राम ने छात्रवृत्ति योजनाओं में पिछले वित्तीय वर्ष के आवंटन व व्यय तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्राप्त आवेदनों और भुगतान की जानकारी दी। डीसी ने सभी योग्य लाभुकों की आवश्यक जांच पूरी कर डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति राशि जल्द हस्तांतरित करने का निर्देश दिया।

वहीं साइकिल योजना के शेष लाभुकों का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र साइकिल उपलब्ध कराने को कहा। डीसी ने बिरसा आवास, सरना स्थल, कब्रिस्तान, मसना और धुमकुड़िया भवन की लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने तथा विभिन्न योजनाओं में लाभुकों को किये गये भुगतान का किस्तवार स्पष्ट प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने निष्क्रिय आवंटनों को री-वैलिडेट कराने और लैप्स आवंटन की पुनः मांग के लिये पत्राचार करने को कहा। अगली बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया, ताकि समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। बैठक में कल्याण शाखा के संबंधित कर्मी भी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0