गैंगस्टर सुजीत सिन्हा जेल शिफ्टिंग के दौरान एनकाउंटर में ढेर

Aug 3, 2026 - 13:34
गैंगस्टर सुजीत सिन्हा जेल शिफ्टिंग के दौरान एनकाउंटर में ढेर

बंशीधर न्यूज

रांची: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिला में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई है। सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुलिस वाहन खराब होने के बाद उसे दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमे सुजीत मारा गया। साहिबगंज एसपी अमित सिंह और जामताड़ा एसपी शंभु सिंह ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के मारे जाने की पुस्टि की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी सुजीत सिन्हा की जेल शिफ्टिंग का आदेश जारी होने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ले जाया जा रहा था। जामताड़ा के रास्ते में पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। इसके बाद सुरक्षा बल उसे दूसरी गाड़ी में बैठाने की प्रक्रिया में जुटे थे।

इसी बीच सुजीत सिन्हा ने एक जवान की सर्विस राइफल छीनने में सफलता हासिल कर ली और पुलिस पर गोली चलाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह मारा गया। सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे कुख्यात अपराधियों में गिना जाता था।

उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज थे। जेल में बंद रहने के बावजूद वह अपने गैंग का संचालन कर रहा था और रंगदारी व आपराधिक गतिविधियों को जेल के भीतर से ही निर्देशित कर रहा था। सुजीत सिन्हा के नेटवर्क का प्रभाव धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची और आसपास के कई जिलों तक फैला हुआ था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0