झामुमो ने एमएमडीआर विधेयक के विरोध में की नुक्कड़ सभा
खनिज संपदा पर झारखंडियों का अधिकार : अनंत
बंशीधर न्यूज
सगमा : झामुमो की ओर से गुरुवार को सगमा बाजार में केंद्र सरकार के खान एवं खनिज विधेयक (एमएमडीआर) के विरोध में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि केंद्र सरकार का खान एवं खनिज विधेयक झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े अधिकारों के लिये गंभीर चिंता का विषय है।
झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों का अधिकार और हित सर्वोपरि होना चाहिये। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को बंद कराने की साजिश कर रही है। विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार एवं ग्रामीण जनता ऐसी किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी।
विधायक श्री देव ने कहा कि यदि केंद्र सरकार विधेयक वापस नहीं लेती है तो झारखंड से बाहर जाने वाली खान-खनिज संपदा को रोकने के लिये आंदोलन किया जायेगा। साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन करने को भी मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब तक विधेयक वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से विधेयक के विरोध में एकजुट होकर आगामी 7 सितंबर को आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की। वहीं झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य ताहिर अंसारी ने कहा कि एमएमडीआर विधेयक के माध्यम से केंद्र सरकार झारखंड के खनिज संसाधनों पर अपना नियंत्रण बढ़ाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती से निकलने वाले खनिजों का लाभ यहां के लोगों को मिलना चाहिये। उन्होंने कहा कि झामुमो इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जायेगी और लोगों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ायेगी। सभा के दौरान वक्ताओं ने खान एवं खनिज विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा करते हुये इसे झारखंड के हितों के खिलाफ बताया। साथ ही केंद्र सरकार से विधेयक पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की।
उस मौके पर मुक्तेश्वर पाण्डेय, डॉ हरिदास यादव, जीवराखन यादव, प्रखंड अध्यक्ष रमेश यादव, योगेंद्र यादव, सुभाष यादव, बसंत पाल, यासीन अंसारी, जयगोपाल यादव, अभिमन्यु यादव, अर्पण यादव सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1