तीन नगर निकायों के लिये 89 मतदान केंद्र, चुनाव तैयारी का समीक्षा बैठक
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गढ़वा पहुंचे निर्वाचन प्रेक्षकों ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अब तक की गई तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीसी दिनेश यादव ने की।
इस दौरान एसपी अमन कुमार, तीनों नगर निकायों के निर्वाची पदाधिकारी तथा विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर निकायवार तैयारियों की जानकारी देते हुये प्रेक्षकों को अवगत कराया। उन्होंने मतदान केंद्रों की स्थिति, मतदान कर्मियों के आवागमन की व्यवस्था, मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, वाहन व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री, प्रशिक्षण कार्यक्रम, पोस्टल बैलेट तथा मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेक्षकों को बताया गया कि जिले के तीनों नगर निकायों में कुल 50 वार्डों के लिये चुनाव कराया जाना है, जिसके लिये 89 मतदान केंद्रों का गठन किया गया है। साथ ही शस्त्रों का सत्यापन कार्य लगातार जारी है। व्यय कोषांग द्वारा एफएसटी, एसएसटी एवं वीएसटी का गठन कर चुनावी खर्च पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशिक्षण कोषांग द्वारा नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 में संलग्न सभी निर्वाचन कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पहला प्रशिक्षण सात फरवरी को संपन्न हो चुका है। जबकि द्वितीय एवं तृतीय चरण का प्रशिक्षण 16 एवं 19 फरवरी को आयोजित किया जायेगा। बैठक में डीडीसी सह नोडल पदाधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा, गढ़वा नगर परिषद (वर्ग ख) के सामान्य प्रेक्षक रवींद्र गागराई, व्यय प्रेक्षक नवनीत कुमार सिंह, श्री बंशीधर नगर पंचायत के सामान्य प्रेक्षक दिनेश कुमार रंजन, व्यय प्रेक्षक अंशु कुमार यादव, मझिआंव नगर पंचायत के सामान्य प्रेक्षक लखीराम बास्के, व्यय प्रेक्षक अरुण कुमार एक्का, आरओ गढ़वा नगर परिषद राज महेश्वरम, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, आरओ मझिआंव संजय कुमार, आरओ श्री बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग के नोडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप, सामग्री कोषांग के रवीश राज, परिवहन कोषांग के धीरज प्रकाश सहित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0