भाजपा ने निकाला जुलूस, समाहरणालय घेरकर सरकार के खिलाफ बुलंद की आवाज
झारखंड सरकार ने सरकारी नियुक्तियों को चारागाह बनाकर रख दिया है : संजय सेठ
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : भारतीय जनता पार्टी की गढ़वा इकाई ने सीजीएल परीक्षा की सीबीआई जांच एवं आंदोलन में शामिल छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर मंगलवार को राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत गढ़वा समाहरणालय का घेराव किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाला। अपनी मांगों से संबंधित मांग-पत्र डीडीसी को सौंपा तथा गोविंद हाईस्कूल के मैदान में सभा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि झारखंड सरकार ने सरकारी नियुक्तियों को चारागाह बनाकर रख दिया है। छोटी से बड़ी नौकरियों के लिये मोटी-मोटी रिश्वत वसूली जा रही है। सरकार के इस कुकृत्य के कारण राज्य के मेधावी छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।
उन्होंने कहा कि सीजीएल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं और जेपीएससी परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली के खिलाफ झारखंड के छात्र-छात्राओं ने आंदोलन किया तो सरकार ने उन पर लाठियां बरसाईं और मुकदमों में फंसा दिया। झारखंड की तानाशाही सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करने का फैसला किया है।
इसी के तहत गढ़वा में सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की गई है। उन्होंने इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के राष्ट्रपति से दो प्रमुख मांगें कीं, जिनमें झारखंड में आयोजित सीजीएल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की सीबीआई जांच तथा छात्र-छात्राओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेना शामिल है।
उस मौके पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा, पूर्व सांसद घूरन राम, रघुराज पांडेय, ओमप्रकाश केसरी, विनय चौबे, प्रभात भुईयां, मुकेश चौबे, लक्ष्मण राम, शैलेश चौबे, अरविंद तूफानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0