जलेबी में मिला खतरनाक रंग, मौके पर ही नष्ट कराया

Sep 8, 2026 - 19:59
जलेबी में मिला खतरनाक रंग, मौके पर ही नष्ट कराया

बंशीधर न्यूज

बरडीहा : प्रखंड क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिष्ठान दुकानों में औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया। बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह और खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय के संयुक्त नेतृत्व में हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने पिंकी मिष्ठान, मां मिष्ठान और जुगल साव मिष्ठान भंडार की जांच की।

जुगल साव मिष्ठान भंडार में जांच के दौरान जलेबी तैयार करने में खतरनाक औद्योगिक (इंडस्ट्रियल) एवं गैर-खाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया। स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रंग से तैयार लाल जलेबियों को अधिकारियों ने मौके पर ही पूरी तरह नष्ट करा दिया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर दुकानदारों को कई सख्त निर्देश दिये गये।

निरीक्षण में दुकानों में एक ही तेल को बार-बार गर्म कर समोसा समेत अन्य खाद्य पदार्थ तलने की बात सामने आई। इस्तेमाल के बाद बचा हुआ पुराना तेल भी दोबारा उपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों ने पुराने तेल को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। इसके अलावा कई खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले, जिन पर मक्खियां मंडरा रही थीं।

अधिकारियों ने कहा कि दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। सभी दुकानदारों को प्रतिष्ठान का अनिवार्य लाईसेंस लेने, नियमित साफ-सफाई रखने और मिठाई समेत सभी खाद्य सामग्री को ढककर रखने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि पहली बार हिदायत देकर छोड़ा गया है। दोबारा अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी। मौके पर फूड इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय समेत अन्य मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0