श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्ति में डूबा शहर, बदहाल एनएच की पुरानी सड़क ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की परेशानी
नीलू चौबे
श्री बंशीधर नगर : श्री कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर श्री बंशीधर नगर समेत पूरा जिला श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर है। शहर से लेकर गांव तक श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबा हुआ है, सर्वत्र राधे कृष्णा, राधे कृष्णा की गूंज है। किन्तु दुर्दशा की शिकार शहर की लाईफ लाईन एनएच का पुराना सड़क श्रद्धालुओं के जोश एवं उमंग में खलल डाल रहा है।
श्री बंशीधर नगर के लिये प्रमुख पर्व श्री कृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर भी किसी ने सड़क की सुध नहीं ली। लिहाजा श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को श्री बंशीधर जी का दर्शन पूजन करने के लिये नारकीय सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है। सड़क बदहाल है, लेकिन प्रशासन के साथ-साथ प्रतिनिधि भी कान में तेल डालकर सोये हुये हैं। किसी को बदहाल सड़क और उससे आवागमन करने वाले लोगों की चिंता नहीं है।
हालांकि प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उसी रास्ते में प्रतिदिन हिचकोला खाते हुये आवागमन कर रहे हैं। बावजूद वे सड़क को दुरुस्त कराने की दिशा में कोई जहमत नहीं उठा रहे हैं। सबसे दुर्भाग्य की बात है कि शहर जंगीपुर धर्मकांटा से लेकर धुरकी मोड़ तक खासकर पेट्रोल पंप से लेकर जंगीपुर धर्मकांटा तक सड़क का नामोनिशान मिट गया है।
सड़क पर बड़े छोटे वाहनों के सरपट दौड़ने की बात तो दूर लोगों को पैदल चलने लायक भी नहीं है। खासकर बारिश के समय स्थिति और ही भयावह हो जाती है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे व गड्ढों में जलजमाव के साथ-साथ कीचड़ दोनों समग्र विकास एवं रफ्तार पर ब्रेक लगा रहे हैं।
सड़क में चलने वाले राहगीर आये दिन गंतव्य पर पहुंचने के बजाय दुर्घटना का शिकार हो कर अस्पताल के बेड पर पहुंच रहे हैं। साथ ही शासन प्रशासन एवं जिम्मेवार प्रतिनिधियों को कोस रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0