झामुमो के युवा नेता दीपक प्रताप ने कर्णपुरा एवं रोहिला में की जनसभा

Aug 7, 2026 - 20:36
झामुमो के युवा नेता दीपक प्रताप ने कर्णपुरा एवं रोहिला में की जनसभा

विधायक अनंत व पूर्व विधायक भानू पर लगाये गंभीर आरोप कहा दोनों ने मिलकर पावर प्लांट व सीमेंट प्लांट के नाम पर जनता को दिया धोखा

बंशीधर न्यूज

रमना : भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। शुक्रवार को झामुमो के युवा नेता एवं संभावित विधानसभा प्रत्याशी दीपक प्रताप देव ने रमना प्रखंड के कर्णपुरा एवं रोहिला गांव में जनसभा की। जनसभा को संबोधित करते हुये दीपक प्रताप देव ने विधायक अनंत प्रताप देव पर कई गंभीर आरोप लगाये।

 साथ ही पूर्व विधायक भानू प्रताप शाही को भी निशाने पर लिया। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुये कहा कि उस समय हमने अनंत प्रताप देव के पक्ष में प्रचार किया था। उनके कहने पर ही कर्णपुरा एवं रोहिला के लोगों ने अनंत प्रताप देव का समर्थन किया था। चुनाव के दौरान नाली, गली और सड़क सहित विकास के कई वादे किये गये थे, लेकिन अब लोगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने विशुनपुरा में चापानल लगवाने के लिये कथित तौर पर 15 हजार रुपये की मांग किये जाने का आरोप लगाया और इसे घूसखोरी का मामला बताया।

22 घंटे बिजली के दावे पर उठाया सवाल

विधायक के द्वारा भवनाथपुर में 22 घंटे बिजली रहने के दावे पर दीपक प्रताप देव ने ग्रामीणों से ही बिजली की स्थिति पूछी। जिसपर ग्रामीणों ने पांच से आठ घंटे तक बिजली मिलने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाया और हाल में सर्पदंश से दो वर्षीय बच्चे की मौत तथा एंटीवेनम उपलब्ध नहीं होने का जिक्र करते हुये व्यवस्था पर सवाल खड़े किये।

पावर प्लांट व पलायन पर भी घेरा

रोजगार और पलायन के मुद्दे पर दीपक प्रताप देव ने विधायक को घेरते हुये चुनाव के दौरान किये गये पावर प्लांट के वादे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा पावर प्लांट टाउनशिप में लगाना था विधायक जी, लखनऊ और दिल्ली में नहीं। कहां लगा रहे हैं आप पावर प्लांट? उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में क्षेत्र के लोग बाहर पलायन करने को मजबूर हैं और कई बार बाहर से लोगों के शव गांव लौटते हैं। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

पूर्व विधायक भानू पर भी साधा निशाना

दीपक प्रताप देव ने पूर्व विधायक भानू प्रताप शाही पर भी निशाना साधते हुये कहा कि उन्होंने सीमेंट फैक्ट्री लगाने का वायदा किया था। किंतु आज तक कोई बड़ा काम नहीं हुआ जिससे लोगों को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने मिलकर बारी-बारी से भवनाथपुर विधानसभा की जनता को धोखा देने का काम किया है।

 खुद को बताया जनता का बेटा

दीपक प्रताप देव ने अपने माता-पिता के निधन का जिक्र करते हुये कहा कि वे कम उम्र में ही अपने माता-पिता को खो चुके हैं और उनकी उतनी सेवा नहीं कर पाये, जितना करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि अब वे भवनाथपुर विधानसभा की जनता को अपना माता-पिता मानकर उनकी सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने खुद को जनता के घर का बेटा बताते हुये कहा कि उन्हें विश्वास है कि जनता उन्हें काम करने का मौका देगी।

हाथ तोड़वा विधायक बयान से बढ़ी चर्चा

जनसभा में दीपक प्रताप देव का एक बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। उन्होंने विधायक अनंत प्रताप देव को हाथ तोड़वा विधायक कहकर संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर सड़क निर्माण के दौरान मोरम गिराये जाने से लोग फिसलकर गिर रहे हैं और घायल हो रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि ऐसा विधायक उन्होंने पहले नहीं देखा और उन्हें हाथ तोड़वा विधायक कहना उचित होगा।

दीपक ने अनंत प्रताप देव को अपना बड़ा भाई और सम्माननीय व्यक्ति बताते हुये उन्हें विकास विरोधी विधायक भी कहा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता विकास के आधार पर अपना फैसला करेगी। उस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0