ट्रक की चपेट में आने से बाईक सवार की मौत, सड़क जाम
बंशीधर न्यूज
रंका : गढ़वा-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर यहां खरडीहा पुल के समीप रविवार को सड़क हादसे में बाईक सवार 26 वर्षीय अनूप प्रसाद गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने रंका पुल के समीप सड़क जाम कर दिया। जिससे करीब एक घंटे तक गढ़वा-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार तमगेकला पंचायत के पिंडरा गांव निवासी अनूप प्रसाद गुप्ता अपनी बहन को बाईक से गढ़वा छोड़ने गये थे। बहन को छोड़कर वह बाईक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खरडीहा पुल के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाईक को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि अनूप की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये गढ़वा भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अनूप की मौत की खबर से पिंडरा गांव में मातम छा गया।
बताया गया कि अनूप की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी और वह अपनी तीन वर्षीय बेटी को पीछे छोड़ गये। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने रंका पुल के समीप सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने और थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग कर रहे थे।
जाम के कारण मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक वाहनों की कतार लगी रही। सूचना पर रंका एसडीओ मोहम्मद परवेज आलम और एसडीओपी रोहित रंजन सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को आवश्यक कार्रवाई तथा उनकी मांगों पर उचित पहल का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। उसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0