युवा नेता देवेंद्र नाथ महतो ने श्री बंशीधर मंदिर में की पूजा अर्चना

Sep 9, 2026 - 20:57
युवा नेता देवेंद्र नाथ महतो ने श्री बंशीधर मंदिर में की पूजा अर्चना

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पहुंचा श्री बंशीधर नगर

युवाओं को उनका अधिकार दिलाने व भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिये संघर्ष जारी रहेगा : देवेन्द्र नाथ

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर निकाली जा रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को श्री बंशीधर नगर पहुंची। यात्रा की अगुवाई कर रहे युवा नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध श्री बंशीधर मंदिर पहुंचकर श्री बंशीधर जी का दर्शन-पूजन कर मनवांछित फल की कामना की। मंदिर पहुंचने पर स्थानीय युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान युवाओं ने जब-जब कांपा है सिंहासन, तब-तब आया है इंकलाब सहित विभिन्न नारों के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। उस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुये देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं और कथित भर्ती घोटाले के खिलाफ युवाओं की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली गई है।

उन्होंने कहा कि वे राज्य के सभी जिलों में जाकर युवाओं से संवाद कर रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटाले और नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में वे रांची में कई दिनों तक भूख हड़ताल पर भी बैठे थे।

उनका कहना था कि राज्य के हजारों मेधावी युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के बाद भी रोजगार के इंतजार में बैठे हैं। जबकि दूसरी ओर पैसे के बल पर नौकरी मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे युवाओं में सरकार और भर्ती व्यवस्था के प्रति निराशा एवं आक्रोश बढ़ रहा है।

श्री महतो ने कहा कि युवाओं को उनका अधिकार दिलाने और भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिये संघर्ष जारी रहेगा। जब तक भर्ती व्यवस्था में आवश्यक सुधार नहीं किया जाता, तब तक भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा और उनका अभियान जारी रहेगा। उस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0