डीआईजी ने श्री बंशीधर नगर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, थाना प्रभारियों के साथ की समीक्षा
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : पलामू के डीआईजी किशोर कौशल ने शुक्रवार को श्री बंशीधर नगर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया तथा विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों, लंबित मामलों और पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीआईजी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिये सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा हमसबों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधि व्यवस्था संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। डीआईजी ने क्षेत्र के विभिन्न थाना के प्रभारियों के साथ विधि-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा जनविश्वास को मजबूत करने पर भी बल दिया। डीआईजी ने श्री बंशीधर नगर न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने न्यायालय परिसर में सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आने-जाने वाले लोगों की निगरानी को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।
डीआईजी के साथ एसपी अमन कुमार भी मौजूद थे। इसके पूर्व डीआईजी के श्री बंशीधर नगर पहुंचने पर एसडीपीओ कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के मौके पर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0