मेराल प्रखंड में उत्साह से मना शिक्षक दिवस
गुरुजनों के सम्मान में हुए विविध आयोजन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
बलराम शर्मा
मेराल: प्रखंड मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक शनिवार को सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस दौरान महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विभिन्न विद्यालयों में उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शिक्षा दर्शन और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर दयानंद आर्य वैदिक लीलावचन पब्लिक स्कूल लातदाग, एसडी मेमोरियल एकेडमी, एसबी एकेडमी लखेया, एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टन सहित प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, गीत, नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, उपहार एवं शुभकामनाएं भेंट कीं और उनसे आशीर्वाद लिया। कई स्थानों पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारियों का महत्व बताया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, संस्कार, अनुशासन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शिक्षक दिवस के आयोजनों से पूरे प्रखंड में गुरु-शिष्य के बीच सम्मान, स्नेह और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों के उत्साह और शिक्षकों के प्रति सम्मान ने समारोह को यादगार बना दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0