निजी कंपनी में काम के दौरान प्रवासी मजदूर की मौत, होली की खुशियां मातम में बदलीं

Mar 3, 2026 - 11:40
निजी कंपनी में काम के दौरान प्रवासी मजदूर की मौत, होली की खुशियां मातम में बदलीं

बंशीधर न्यूज

विश्रामपुर : उंटारी थाना क्षेत्र के भदुमा गांव निवासी 28 वर्षीय प्रवासी मजदूर सत्यम दीक्षित की रविवार को गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्य के दौरान मौत हो गई है। इस दुखद खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। होली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और गांव में मरघटी सन्नाटा पसरा हुआ है। होली की तैयारी की चर्चा छोड़ गांव के लोग जगह जगह पर जमा होकर अब केवल इस घटना की चर्चा कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सत्यम दीक्षित करीब डेढ़ माह पहले ही कमाने के लिये घर से बाहर गुजरात गये थे। परिवार और गांव वालों को उम्मीद थी कि होली पर वे घर लौटेंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। रविवार को काम के दौरान हुई घटना में उनकी असामयिक मृत्यु हो गई। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक मृतक का शव देर रात सड़क मार्ग से गांव (भदुमा) के लिये रवाना कर दिया गया है।

मंगलवार तक शव के गांव पहुंचने की उम्मीद है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सत्यम अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गये हैं। पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता का दुख देखकर हर किसी की आंखें नम हैं। बेटे की असमय मौत से माता-पिता किंकर्तव्यविमूढ़ हो गये हैं। परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाला सहारा यूं अचानक छिन जाने से पूरा परिवार सदमे में है।

सभी की आंखों से केवल अविरल आंसू बह रहे हैं। गांव वालों के अनुसार सत्यम बेहद सरल और सहज स्वभाव के थे। देखने में काफी स्मार्ट व अत्यंत संवेदनशील व मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे सभी के चहेते थे। उनकी मौत की खबर से गांव का हर व्यक्ति मर्माहत है।

 त्योहार के इस मौके पर जहां घर-घर में रंग और खुशियां होनी चाहिये थीं। वहीं भदुमा गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के जवान व होनहार बेटे की मौत ने सबको भीतर से हिलाकर रख दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 3
Wow Wow 0