9 वीं परीक्षा के दौरान हंगामा, अभिभावक-शिक्षक में विवाद

Mar 6, 2026 - 19:42
9 वीं परीक्षा के दौरान हंगामा, अभिभावक-शिक्षक में विवाद

बंशीधर न्यूज

डंडई : उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय लवाहीकला स्थित परीक्षा केंद्र पर शुक्रवार को 9 वीं कक्षा की परीक्षा के दौरान हंगामा मच गया। छात्रों और अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षक मलय सिंह ने तानाशाही रवैया अपनाते हुये अभद्र व्यवहार किया, जिससे परीक्षा केंद्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया। परीक्षा सुबह 9ः45 बजे निर्धारित थी लेकिन छात्रों को समय पर प्रवेश नहीं दिया गया।

अभिभावकों का कहना है कि जब उन्होंने शिक्षक से समय पर परीक्षा शुरू करने की बात कही तो शिक्षक भड़क गये और कथित तौर पर बोले यह हमारा कॉलेज है हम 10ः30 बजे भी परीक्षा शुरू कर सकते हैं आप इसमें कुछ नहीं कह सकते। इस कारण छात्रों को धूप में लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ा। कुछ अभिभावकों ने तो शिक्षक पर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि यह पहला विवाद नहीं है।

उनका आरोप है कि शिक्षक मलय सिंह अक्सर छात्रों और अभिभावकों के साथ कठोर और अनुचित व्यवहार करते हैं। शुक्रवार को परीक्षा केंद्र पर जब अभिभावक अपने बच्चों को परीक्षा दिलाने आये तो शिक्षक और अभिभावकों के बीच बहस हो गई। इस घटना के बाद अभिभावकों ने मांग की कि ऐसे शिक्षक को तुरंत परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया जाय और उन्होंने मामले की शिकायत डीसी से करने की चेतावनी भी दी।

छात्रों ने भी शिक्षक के व्यवहार पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि शिक्षक परीक्षा कक्ष में मोबाईल फोन का प्रयोग करते हैं जिससे परीक्षा का माहौल प्रभावित होता है और उत्तर लिखने में उन्हें कठिनाई होती है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुये प्रभारी प्रधानाध्यापक अमिताभ कुमार ने कहा कि शिक्षक मलय सिंह शिक्षा के प्रति समर्पित और अनुशासित हैं।

उन्होंने अभिभावकों द्वारा लगाये गये आरोपों को निराधार और गलत करार दिया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि शिक्षक नियमित रूप से परीक्षा ड्यूटी निभाते रहे हैं और उनके व्यवहार पर कोई शिकायत रिकॉर्ड में नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0