शिक्षा विभाग की समीक्षा में डीसी ने जताई नाराजगी, सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई

Aug 31, 2026 - 20:28
शिक्षा विभाग की समीक्षा में डीसी ने जताई नाराजगी, सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रति नाराजगी जताते हुये उन्होंने तत्काल सुधार का निर्देश दिया। लगातार असंतोषजनक प्रदर्शन मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

डीसी ने सभी बीईईओ, बीपीओ/बीपीएम, बीआरपी और सीआरपी को नियमित विद्यालय निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने डीईओ और डीएसई को अधीनस्थ कर्मियों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही मासिक परिलब्धि का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने को कहा।

छात्र उपस्थिति में चिनियां और केतार प्रखंड के बीपीओ का प्रदर्शन खराब पाये जाने पर उनसे स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। सगमा के बीपीओ से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। अपार, आधार और एमबीयू कार्य में 60 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले प्रखंडों के एमआईएस को-ऑर्डिनेटर्स से भी जवाब-तलब करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पीएम पोषण, पीएम-श्री, निपुण भारत मिशन, स्मार्ट क्लास, आधारभूत संरचना, प्रोजेक्ट रेल, यू-डायस, उल्लास समेत कई योजनाओं की समीक्षा हुई। गढ़वा लर्न्स, गढ़वा लीडस कार्ययोजना के तहत शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति और बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

मौके पर डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, डीईओ जगरनाथ लकड़ा, डीएसई अनुराग मिंज, सभी बीईईओ, बीपीओ/बीपीएम, बीआरपी/सीआरपी, एमआईएस को-ऑर्डिनेटर्स समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0