भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, भंडरिया राजस्व उप निरीक्षक निलंबित
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : डीसी दिनेश कुमार यादव ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। डीसी के निर्देश पर भंडरिया अंचल कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई गत तीन फरवरी को आयोजित जनता दरबार में प्राप्त एक लिखित शिकायत एवं कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर की गई।
जानकारी देते हुये डीसी ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने मौजा जनेवा खाता संख्या111, प्लॉट संख्या863, रकबा-4.28 एकड़ भूमि से संबंधित जांच प्रतिवेदन प्रेषित करने के एवज में 10 हजार रुपये की अवैध मांग करने की शिकायत की थी। प्राप्त शिकायत के आलोक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम द्वारा मामले की जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में आरोपों की पुष्टि हुई तथा संबंधित पदाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण में भी राशि मांगने की बात स्वीकार की गई।
यह आचरण सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रतिकूल पाया गया। झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम 9 (1) के तहत शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय खरौंधी निर्धारित किया गया है। वहां वे नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
साथ ही भंडरिया सीओ को निर्देशित किया गया है कि आरोप पत्र का गठन कर विभागीय कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। डीसी श्री यादव ने स्पष्ट किया है कि जिला प्रशासन भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य कर रहा है। आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध मांग या अनियमितता की सूचना निर्भीक होकर प्रशासन को दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0