विश्व आदिवासी दिवस पर गढ़वा में होगा सांस्कृतिक महोत्सव, बांटे जाएंगे वन अधिकार पट्टे
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को स्थानीय टाउन हॉल में सांस्कृतिक महोत्सव एवं वन अधिकार पट्टा वितरण समारोह का आयोजन किया जायेगा। इसकी तैयारियों को लेकर डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक हुई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुये सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया। मौके पर डीसी ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, ज्ञान और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ पहुंचाने, उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने तथा जनजातीय कला, शिल्प और लोक संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बने। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11ः30 बजे होगा।
इसमें कल्याण विभाग के अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय चिनियां एवं कुदरूम (रंका), एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भंडरिया, आश्रम बालिका उच्च विद्यालय मंझिगांवा (कांडी), शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं तथा जेएसएलपीएस की महिलाओं द्वारा पारंपरिक आदिवासी नृत्य, गीत-संगीत और नाटक की प्रस्तुति दी जायेगी।
इसके बाद वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत स्वीकृत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार पट्टों का वितरण किया जायेगा। बैठक में पार्किंग व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण, मंच संचालन, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक थीम पर सेल्फी प्वाइंट निर्माण और कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में एसपी आशुतोष शेखर, डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी, दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी, सामाजिक वानिकी वन प्रमंडल के पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी देवानंद राम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि सहित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के सदस्य उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0