पलामू के 48वें आयुक्त को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, डीआईजी ने किया स्वागत
बंशीधर न्यूज
पलामू: पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय से शुक्रवार पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने मुलाकात की। डीआईजी ने आयुक्त को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। पलामू प्रमंडल क्षेत्र अंतर्गत पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले में विधि व्यवस्था एवं पुलिसिंग को लेकर चर्चा की।
इसके पूर्व कार्यालय पहुंचने पर आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उल्लेखनीय है कि करीब एक साल बाद पलामू प्रमंडल को कमिश्नर मिला है। झारखंड सरकार ने बुधवार रात आईएएस ऑफिसर कुमुद सहाय को पलामू का आयुक्त् बनाया था। गुरुवार देर शाम उन्होंने पलामू के कमिश्नर का पदभार ग्रहण किया। कुमुद सहाय 2012 बैच की आईएएस अधिकारी हैं।
यहां यह भी बता दें कि 1992 में पलामू कमिश्नरी बना था, जिसके पहले कमिश्नर एम.के. मंडल थे। पलामू कमिश्नर का पद 31 जनवरी, 2025 से खाली था। मई में कुछ शर्तों के साथ एक महीने के लिए कमिश्नर की तैनाती हुई थी। उसके बाद अब कुमुद सहाय को पलामू का 48वां कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
मौके पर आइएएस कुमुद सहाय ने कहा कि यह पद करीब एक साल से रिक्त था, जिस कारण बहुत से कार्य लंबित रहे हैं। उनकी प्राथमिकता सभी काम समय पर पूरे करना और पलामू प्रमंडल के तीन जिलों- पलामू, गढ़वा और लातेहार की समस्याओं को दूर करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0