कन्हैया चौबे के नेतृत्व में आदिवासियों की जमीन वापस कराने को लेकर जन आंदोलन शुरू

Aug 8, 2026 - 20:22
कन्हैया चौबे के नेतृत्व में आदिवासियों की जमीन वापस कराने को लेकर जन आंदोलन शुरू

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया चौबे के नेतृत्व में शहर के जंगीपुर गांव के आदिवासियों की जमीन पर से भू माफियाओं का अवैध कब्जा हटाने व उसकी वापसी कराने को लेकर जन आंदोलन शुरू हो गया है। शनिवार को कन्हैया चौबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उरांव जाति के महिला-पुरुषों ने जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र एसडीओ प्रभाकर मिर्धा को सौंपा।

इससे पूर्व प्रदर्शनकारी गोसाईंबाग मैदान से तिरंगे झंडे के साथ जुलूस के रुप में भू-माफियाओं के विरुद्ध नारेबाजी करते हुये अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम दिये गये मांगपत्र में लिखा है कि आगामी 31 अगस्त तक रैयती जमीन वापस नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन एवं सितंबर के अंतिम सप्ताह में रांची में राज्यपाल भवन का घेराव करने की चेतावनी दी है।

यहां बताते चलें कि वर्ष 1989 में उरांव के पक्ष में एक अदालती आदेश जारी हुआ था। आरोप है कि इस मामले में सीएनटी एक्ट की धारा 71 ए के तहत जो कानूनी कार्रवाई होनी चाहिये थी, वह आज तक नहीं की गई है। कन्हैया चौबे ने कहा कि इस संबंध में बेदखली और जमीन पर दोबारा कब्जा दिलाने (दखल दहानी) का एक पत्र गत माह 23 जुलाई को एसडीओ के पास भी आया है, बावजूद जमीन पर वास्तविक कब्जा दिलाने की प्रक्रिया अधूरी है।

 उरांव समाज का कहना है कि लंबे समय से कानूनी आदेश होने के बावजूद उन्हें अपनी ही जमीन के लिये भटकना पड़ रहा है। कन्हैया ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी देते हुये कहा है कि यदि आगामी 31 अगस्त तक पीड़ित उरांव परिवार को उनकी जमीन का मालिकाना हक और वास्तविक कब्जा वापस नहीं मिला, तो वे बड़ा कदम उठाएंगे।

इसके विरोध में सितंबर के अंतिम सप्ताह में पीड़ितों के साथ रांची राजभवन का घेराव करेंगे। यदि ऐसी स्थिति बनती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में नगीना उरांव, नंदू उरांव, रामशरण उरांव, अरुण उरांव, गोविंद कुमार उरांव, सूरज उरांव, शिव उरांव, शंभू उरांव, विकास उरांव, अखिलेश उरांव, रंजन उरांव, पूजा देवी, अमरावती देवी, मूर्ति देवी, पानपति देवी, भागमती देवी, देवंती देवी, आरती देवी, सूरजी देवी, कांति देवी, लालती देवी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0