भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पहुंची गढ़वा, छात्रों ने कंधे पर बैठाकर देवेंद्र को घुमाया शहर
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले आयोजित भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को गढ़वा पहुंची। यहां छात्र-नौजवानों ने भव्य स्वागत किया। इस आंदोलन के प्रमुख देवेंद्र महतो का छात्रों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुये उन्हें कंधे पर बैठाकर शहर में घुमाया। यह यात्रा रंका मोड़ से शुरू होकर मेन रोड होते हुये मझिआंव मोड़ तक गई।
इसके बाद टाउन हॉल के समीप गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान में पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। मौके पर श्री महतो ने कहा कि इस आंदोलन में छात्र चट्टानी एकता के साथ खड़े हैं। इस छात्र आंदोलन से छात्रों की जीत हुई है। भर्ती व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक 32 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिर भी यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारी मांगों पर कोर्ट से मुहर नहीं लगती है।
इस आंदोलन के माध्यम से सीआईडी जांच टीम, सरकारी वकील सहित सभी को आईना दिखाना जरूरी है। छात्रों को न्याय मिले, यही हम चाहते हैं। 15 सितंबर को कोर्ट की कार्रवाई को देखते हुये 11 सितंबर को यात्रा का समापन किया जायेगा। श्री महतो ने समापन के मौके पर अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0