पुलिस ने एसटी महिला के साथ मारपीट व खौलता हुआ पानी डालने के मामले में की कार्रवाई, छह गिरफ्तार-भेजे गये जेल

Aug 30, 2026 - 14:32
पुलिस ने एसटी महिला के साथ मारपीट व खौलता हुआ पानी डालने के मामले में की कार्रवाई, छह गिरफ्तार-भेजे गये जेल

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : पुलिस ने थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में गत दिनों एसटी महिला के साथ डायन कहकर मारपीट व खौलता हुआ पानी डालने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुये छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रमिला देवी (52), दया उरांव (68), गया उरांव (70), सोनू उरांव (24), बिकेश उरांव उर्फ बिकाश उरांव (28) एवं श्रद्धा देवी (50) के नाम शामिल हैं। सभी भोजपुर गांव के रहने वाले हैं।

क्या था मामला

यहां बताते चलें कि गत 22 अगस्त की शाम में भोजपुर गांव निवासी विशुनदेव उरांव की पत्नी दिलबसिया देवी (55 वर्ष) को डायन-बिसाही के आरोप में उसके साथ उसके पटीदारों के द्वारा बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करते हुये मारपीट के बाद उसके शरीर पर ख़ौलता हुआ गर्म पानी डालकर प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद पीड़िता दर्द से तड़पती हुई किसी तरह सड़क तक पहुंची थी।

उधर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल पीड़िता को इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर थाना में मामला दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुये आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने की लोगों से अंधविश्वास पर विश्वास नहीं करने की अपील

नगर ऊंटारी थाना के थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि डायन-बिसाही और अंधविश्वास पर विश्वास नहीं करें। किसी महिला या पुरुष को डायन बताकर प्रताड़ित करना या उसके साथ हिंसा करना कानूनन अपराध है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि डायन-बिसाही का आरोप लगाने अथवा किसी व्यक्ति को डायन ठहराकर प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

थाना प्रभारी ने लोगों से किसी भी तरह की ऐसी शिकायत या घटना सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा सिर्फ एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0