अखाड़े में ताल ठोंक रहे प्रत्याशियों के पास कोई मुद्दा नहीं
मतदाता हैं किंकर्तव्यविमूढ़
नीलू चौबे
श्री बंशीधर नगर : शहर में सरकार के लिये चुनावी अखाड़े में ताल ठोंक रहे प्रत्याशियों के पास कोई मुद्दा एवं विजन नहीं है। श्री बंशीधर नगर में मुद्दा विहीन प्रत्याशियों ने मतदाताओं को किंकर्तव्यविमूढ़ कर दिया है। प्रत्याशी हाईटेक सोच रखने के बजाय मतदाताओं को नली गली में उलझाकर गोल मारने के फिराक में जोर शोर से लगे हुये हैं। प्रत्याशियों के पास न तो हाईटेक सोच है और न ही तो शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कोई प्लान है।
यहां बताते चले कि नगर पंचायत गठन के बाद पिछले 8 साल बाद यह दूसरा चुनाव हो रहा है। इन आठ वर्षों में शहर को स्वच्छ एवं विकसित करने में अबतक करोड़ों रुपये खर्च किये गये, किन्तु न तो शहर स्वच्छ हो पाया और न ही तो शहर में कोई बदलाव हुआ। शहर में सड़क, नली, लाईट एवं पीएम आवास के सिवाय कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया गया जिससे शहर की एक अलग पहचान मिल सके।
शहर में आज भी कचरों का अंबार लगा हुआ है। शहर की लगभग नालियां गंदगी से भरी हुई हैं। जिससे निकल रहे दुर्गंध से शहरवासी परेशान एवं निराश हैं। चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष व अध्यक्ष पद की प्रत्याशी विजयालक्ष्मी देवी, उपाध्यक्ष लता देवी समेत दस प्रत्याशी जीत के लिये जोर आजमाईश कर रहे हैं। सभी प्रत्याशी क्षेत्र में मतदाताओं से शहर को स्वच्छ एवं विकसित बनाने के लिये एक मौका मांग रहे हैं।
लेकिन उनके पास शहर को विकसित करने के लिये कोई विजन नहीं है। सभी मतदाताओं को नली गली से ऊपर कोई भरोसा नहीं दिला पा रहे हैं। जबकि शहर में पार्क, अत्याधुनिक हॉस्पिटल, स्टेडियम, टाउन हॉल, पुस्तकालय, आश्रय गृह, फुटपाथ, श्मशान शेड, शवदाह गृह, अत्याधुनिक शौचालय एवं जगह जगह यूरिनल होना अनिवार्य है। जिससे विकसित शहर की पहचान है।
लेकिन यहां आठ वर्षों में भी यह सब संभव नहीं हो सका। इस बार के चुनाव में इन सभी मुद्दे गायब हैं। सभी प्रत्याशी चुनाव में कुर्सी के लिये मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिये ऐड़ी चोटी एक किये हुये हैं। अब देखना है कि क्षेत्र की जनता क्या गुल खिलाती है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
1
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0