जंगली सुअर का शिकार करने में करंट लगने से युवक की मौत, दो साथी गिरफ्तार

Jul 24, 2026 - 18:18
जंगली सुअर का शिकार करने में करंट लगने से युवक की मौत, दो साथी गिरफ्तार

बंशीधर न्यूज

पलामू: जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के सतबहिनी के शेखडीहा गांव के सचिन कुमार साह की मौत जंगली सुअर का शिकार करने के क्रम में करंट लगने से हुई थी। सचिन की मौत होने पर उसके 08 साथियों ने साक्ष्य छुपाने की नियत से उसके शव को बालू में गाड़ दिया था। खोजबीन के क्रम में गांव के समीप कोयल नदी में दफन सचिन कुमार साह का शव बरामद किया गया था।

दरअसल, 14 जुलाई 2026 की रात सचिन और उसके साथी हाइटेंशन तार में लोहे का नंगा तार जोड़कर सुअर का शिकार कर रहे थे, लेकिन सचिन खुद शिकार हो गया। 15 जुलाई की शाम उसका शव मिला था। इस संबंध में सचिन की मां ललीता देवी के आवेदन पर 16 जुलाई 2026 को शेखडीहा के दो सगे भाई बबलू रजवार और रौशन रजवार एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ सचिन की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को बालू में गाड़ देने की एफआइआर दर्ज करायी गयी थी।

 विश्रामपुर के एसडीओ ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में घटना के 09 दिनों बाद प्राथमिकी अभियुक्त कमल रजवार उर्फ बबलू और अप्राथमिकी अभियुक्त रामजी रजवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में सामने आया कि 14 जुलाई की रात 10 बजे कमल रजवार उर्फ बबलू, सुनील रजवार, गरई रजवार, अजय रजवार, रघु रजवार, शिवकुमार रजवार, राजेश रजवार एवं सचिन कुमार साह शेखडीहा गांव में ही जंगली सुअर का शिकार करने के लिए 11 हजार के बिजली तार में अवैध रूप से नंगा तार जोड़कर कोयल नदी में बिछाया था।

अचानक सचिन कुमार साह को नंगा तार से करंट लग गया और वहीं पर उसकी मौत हो गयी। उसके साथी घटना से डर गए और साक्ष्य छुपाने की नियत से शव को बालू में गाड़ दिया और तार को बालू में ही छुपा दिया। जांच के क्रम में लोहे का 50 फीट तार बरामद किया गया।

वहीं मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। कार्रवाई टीम में विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पांडू अंचल कैंप रेहला के पुलिस निरीक्षक, उंटारी रोड के थाना प्रभारी संतोष गिरी, पुअनि राजवर्धन शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0