फाईलेरिया उन्मूलन को लेकर अभियान शुरू, डीसी ने स्वयं दवा खाकर किया शुभारंभ

Feb 10, 2026 - 20:27
फाईलेरिया उन्मूलन को लेकर अभियान शुरू, डीसी ने स्वयं दवा खाकर किया शुभारंभ

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : फाईलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से जिले में मंगलवार से व्यापक अभियान की शुरुआत की गई, जो 25 फरवरी तक चलेगा। अभियान का शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित बीएसकेडी पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीसी दिनेश कुमार यादव ने दीप जलाकर एवं स्वयं फाईलेरिया रोधी दवा की खुराक लेकर किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला भीबीडी प्रभाग गढ़वा की ओर से किया गया।

उस मौके पर डीसी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे फाईलेरिया रोधी दवा की खुराक अवश्य लें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिये प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता आयेगी, तभी यह अभियान सफल होगा। फाईलेरिया कब और किसे हो जाय, इसका पता नहीं चलता, लेकिन दवा की एकल खुराक से इससे बचाव संभव है। उन्होंने हाथीपांव बीमारी से होने वाली शारीरिक दिव्यांगता और सामाजिक उपेक्षा पर भी लोगों को जागरूक किया।

सिविल सर्जन डॉ जान एफ केनेडी ने कहा कि फाईलेरिया एक गंभीर और लाईलाज बीमारी है, जिससे ग्रसित व्यक्ति जीवनभर पूरी तरह मुक्त नहीं हो सकता। हालांकि समय पर और नियमित रूप से फाईलेरिया रोधी दवा लेने से इस बीमारी से लगभग पूरी तरह बचाव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन जिलेभर में आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थानों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बनाये गये 1007 बूथों पर दवा प्रशासकों द्वारा लोगों को दवा खिलाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि 11 से 25 फरवरी तक दवा प्रशासक घर-घर जाकर उन लोगों को दवा खिलाएंगे, जो पहले दिन दवा लेने से वंचित रह जाएंगे। डॉ केनेडी ने दवा की खुराक की जानकारी देते हुये बताया कि एक से दो वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली, दो वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को एल्बेंडाजोल की एक गोली, दो से पांच वर्ष के बच्चों को डीईसी की एक गोली, छह से 14 वर्ष तक के बच्चों को डीईसी की दो गोली तथा 14 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को डीईसी की तीन गोली दी जायेगी।

जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ पुष्पा सहगल ने भी जिलेवासियों से फाईलेरिया उन्मूलन अभियान में सहयोग करने और दवा का सेवन अनिवार्य रूप से करने की अपील की। मौके पर डीपीएम गौरव कुमार, सहिया कार्यक्रम के डीपीसी रोहित सिंह, बीएसकेडी पब्लिक स्कूल के निदेशक संजय सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जिला भीबीडी कंसल्टेंट अरविंद कुमार द्विवेदी ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0