आदिवासी वीरों के संघर्ष को किया नमन, स्वतंत्रता सेनानियों व आंदोलनकारियों के वंशज सम्मानित

Aug 9, 2026 - 19:29
आदिवासी वीरों के संघर्ष को किया नमन, स्वतंत्रता सेनानियों व आंदोलनकारियों के वंशज सम्मानित

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : झामुमो जिला कमेटी की ओर से रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पूर्व मंत्री व झामुमो केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के कल्याणपुर स्थित आवास पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के संघर्ष, इतिहास, संस्कृति, परंपरा और अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में उनके योगदान को याद किया गया।

इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और झारखंड आंदोलनकारियों के वंशजों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानियों एवं आंदोलनकारियों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। वक्ताओं ने नीलांबर-पीतांबर, जेठन सिंह खरवार और फेतल सिंह खरवार सहित अन्य वीर योद्धाओं के संघर्ष को याद किया।

स्वतंत्रता सेनानी फेतल सिंह के वंशज बेलास सिंह, भुनेश्वर सिंह एवं अरुण सिंह तथा जेठन सिंह के वंशज नितेश सिंह खरवार को शॉल, माला, धोती और गमछा देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न झारखंड आंदोलनकारियों के वंशजों को भी सम्मानित किया गया। मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य सह मीडिया पैनलिस्ट धीरज दुबे ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज के इतिहास, संघर्ष और संस्कृति को याद करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के निर्माण में आदिवासी समाज की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। झारखंड आंदोलनकारी लखन उरांव ने कहा कि शिबू सोरेन के आह्वान पर गढ़वा से हजारों लोग पैदल रांची पहुंचकर अलग राज्य आंदोलन में शामिल होते थे। मनोज ठाकुर ने आंदोलन के दौरान वाहनों की आवाजाही रोकने समेत संघर्ष के दिनों को याद किया।

केंद्रीय सदस्य राजकिशोर यादव ने कहा कि आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मजबूती से काम कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बिरसा मुंडा पार्क पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

मौके पर सचिव शरीफ अंसारी, रेखा चौबे, चंदन जायसवाल, ओम प्रकाश गुप्ता, दिलीप गुप्ता, नवीन तिवारी, इस्तेखार अंसारी, रितेश तिवारी, शत्रुघ्न उरांव, अमरेश्वर लाल उरांव, सुशीला मिंज, रामचंद्र बैगा समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0