लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वाहन जांच और नशाखोरी पर कार्रवाई का एसपी ने दिया निर्देश

Sep 10, 2026 - 20:36
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वाहन जांच और नशाखोरी पर कार्रवाई का एसपी ने दिया निर्देश

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : एसपी आशुतोष शेखर की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।

गोष्ठी में एसपी ने आगामी गणेश चतुर्थी, करमा पूजा और विश्वकर्मा पूजा को लेकर सभी थाना व ओपी प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने संभावित असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिये गश्त बढ़ाने और सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिये विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

एसपी ने मालखाना प्रदर्श एवं एनडीपीएस से संबंधित वस्तुओं का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने तथा सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पशु तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश दिया। नशाखोरी, बाल विवाह, डायन-बिसाही, सड़क सुरक्षा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ थाना स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने नियमित रूप से दोपहिया व चारपहिया वाहनों की सघन जांच करने और एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपाय करने को कहा गया। विगत माह में दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने अनुसंधान में तेजी लाने तथा एससी-एसटी और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नक्सली कांडों के त्वरित निष्पादन, पेट्रोलिंग की क्यूआर कोड से निगरानी, वारंट-कुर्की के निष्पादन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने और पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन निर्धारित अवधि में पूरा करने को कहा गया। इसके अलावा ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध, एनडीपीएस, सीसीए और आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा ई-साक्ष्य पर कांडों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया।

 एसपी ने आमजनों की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी एवं संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा। मौके पर काफी संख्या में पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0