सोन नदी से युवक का शव बरामद

Mar 14, 2026 - 19:04
सोन नदी से युवक का शव बरामद

बंशीधर न्यूज

कांडी : कांडी थाना क्षेत्र के बलियारी पंचायत अंतर्गत बरवाडीह टोला में शनिवार को उस वक्त मातम पसर गया, जब सोन नदी के किनारे एक 36 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बरवाडीह निवासी प्रयाग राम के पुत्र कौशल कुमार पासवान (उदल पासवान) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौशल कुमार पासवान बीते 12 मार्च को घर से खाना खाकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की और सगे-संबंधियों के यहाँ भी पता लगाया, पर उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार दोपहर को बरवाडीह स्कूल के समीप सोन नदी किनारे गए चरवाहों ने एक शव देखा, जिसकी सूचना जंगल की आग की तरह फैल गई।

मौके पर पहुँचे मृतक के भाई अर्जुन कुमार पासवान ने शव की शिनाख्त अपने भाई के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना के एसआई अरविंद कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया है।

प्राथमिक जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पानी में डूबने से मौत होने की संभावना जताई है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का परिवार बेहद गरीब है। कौशल के पिता प्रयाग राम पिछले कई वर्षों से हृदय रोग और पैरालिसिस जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। घर में कौशल ही एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी शांति देवी और 14 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी को छोड़ गया है। घटना के समय पत्नी अपने मायके में एक शादी समारोह में गई थी, जो पति की मौत की खबर सुनते ही बदहवास हालत में गाँव पहुँच रही है। घटना की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी राकेश सहाय ने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत 4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

साथ ही, 20 हजार रुपये की पारिवारिक लाभ राशि और विधवा पेंशन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। मौके पर पहुँचे प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय और विधायक प्रतिनिधि कृष्णा राम ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और सरकारी प्रावधानों के तहत आपदा प्रबंधन विभाग से चार लाख की मुआवजा राशि एवं हरसंभव सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0