स्वर्ण जयंती महोत्सव : वन राखी मूवमेंट के 50 वर्ष पूरे, 12 फरवरी को छतरपुर में होगा भव्य आयोजन
बंशीधर न्यूज
छतरपुर : विश्वव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष ट्री मैन ऑफ इंडिया, पर्यावरण धर्म गुरु एवं वन राखी मूवमेंट के प्रणेता डॉ कौशल किशोर जायसवाल द्वारा शुरू किये गये ऐतिहासिक पर्यावरण आंदोलनों के क्रम में वर्ष 2026 में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हो रहा है। वन वृक्षों की रक्षा के उद्देश्य से प्रारंभ किये गये वन राखी मूवमेंट के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्ण जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
डॉ कौशल किशोर जायसवाल ने वर्ष 1967 में “जंगल लगाओ-जंगल बचाओ” अभियान की शुरुआत छतरपुर प्रखंड के ग्राम डाली से की थी। उस समय उन्होंने अपनी निजी भूमि 7.72 एकड़ में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की नींव रखी थी, जिसे अब 60 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसी क्रम में वर्ष 1977 में पर्यावरण धर्म के साथ वन राखी मूवमेंट का शुभारंभ भी ग्राम डाली से किया गया था। वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती के अवसर पर यह भव्य समारोह 12 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से ग्राम पंचायत डाली बाजार, कौशल नगर (छतरपुर, पलामू) में आयोजित होगा।
इस अवसर पर मोहनलाल खुर्जा पार्वती देवी पार्क में विश्व के 22 देशों से लाये गये लगभग 200 प्रजातियों के पौधे लगाये गये हैं, जिनमें कई विलुप्त प्रजातियां भी शामिल हैं। साथ ही कौशल नगर परिसर में डॉ कौशल किशोर जायसवाल द्वारा स्थापित पर्यावरण धर्म ज्ञान मंदिर का उद्घाटन किया जायेगा तथा तेजी से बढ़ रहे जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। इसी दिन पद्म विभूषण स्व सुंदरलाल बहुगुणा जी की जीवनी पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया जायेगा।
यह कार्यक्रम शाम 3:00 बजे डाल्टनगंज बाईपास रोड स्थित पर्यावरण भवन, आकाश बाग में संपन्न होगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेपाल सरकार के सलाहकार एवं प्रख्यात पर्यावरणविद श्री सरोज कुमार शर्मा होंगे। पर्यावरण धर्म ज्ञान मंदिर एवं कार्यक्रम का उद्घाटन अमेरिकी लेखक, रिसर्चर एवं पर्यावरणविद श्री जॉर्ज जेम्स द्वारा किया जायेगा। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिला से एपिको आंदोलन के प्रणेता श्री पांडुरंग हेगड़े उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में डॉ कौशल किशोर जायसवाल, ग्राम डाली की मुखिया पूनम जायसवाल, छतरपुर पूर्वी के जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल, पार्क अध्यक्ष अरुण कुमार जायसवाल तथा आकाशवाणी कलाकार सीसी शुक्ला द्वारा संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0