पलामू में जनवरी से अक्टूबर तक 294 सड़क दुर्घटनाएं, 207 लोगों की मौत
अक्टूबर में 39 हादसों में गई 24 लोगों की जान-उपायुक्त ने वाहन जांच अभियान तेज करने का दिया निर्देश
बंशीधर न्यूज
पलामू: उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, वाहन जांच अभियान, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सुधारात्मक कार्रवाई और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 294 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 207 लोगों की मौत हुई, जबकि 185 लोग गंभीर और 25 लोग मामूली रूप से घायल हुए। अक्टूबर माह में 39 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की जान गई। इन हादसों में 23 लोग गंभीर और छह लोग मामूली रूप से घायल हुए। उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वाहन जांच अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन फिटनेस और वाहनों में अनधिकृत बदलाव की जांच करने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, प्रेशर हॉर्न, ट्रिपल राइडिंग और काले शीशे के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि अक्टूबर में मोटर वाहन अधिनियम के तहत 457 और झारखंड मोटर वाहन कर अधिनियम के तहत दो चालान काटे गए। इस तरह कुल 459 चालानों से आठ लाख 30 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, जनवरी से अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 1,991 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। इनमें अक्टूबर माह के 204 लाइसेंस भी शामिल हैं।
बैठक में जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट दुबियाखाड़, कांडा घाटी, लोहारा, पोखराहा और सतबरवा बाजार की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर सहित अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पोखराहा फोरलेन और जोड़ में 15 दिनों के भीतर प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल लगाने तथा एनएच-98 पर सिलदाग से पड़वा तक सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
इस दौरान सड़क दुर्घटना में घायल विक्रम कुमार को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन सतीश कुमार शर्मा को उपायुक्त ने दो हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। ऐसे लोगों को सम्मानित करना प्रशासन के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने आम लोगों से भी दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। इस मौके पर डीटीओ प्रमोद कुमार उपस्थित थे। बैठक में हिट एंड रन मुआवजा मामलों, दुर्घटनाओं के आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि, एंबुलेंस एवं ट्रॉमा सेंटर की उपलब्धता और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की भी समीक्षा की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0