श्री बंशीधर नगर में चोरों का आतंक, तीन गांवों के पांच घरों से हुई लाखों की चोरी

Nov 16, 2026 - 19:26
श्री बंशीधर नगर में चोरों का आतंक, तीन गांवों के पांच घरों से हुई लाखों की चोरी

छठ पूजा के दौरान घरों में ताला बंद कर घाट गये थे गृहस्वामी

सप्ताहभर में चोरी की कई घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक जारी है। बेखौफ चोर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। रविवार की रात चोरों ने तीन गांवों के पांच घरों को निशाना बनाते हुये ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर सबको हैरत में डाल दिया है।

पिछले एक सप्ताह के दौरान क्षेत्र में हुई लगातार चोरी की घटनाओं से जहां चोरों का हौसला बुलंद है। वहीं ग्रामीणों में भय व्याप्त है। जानकारी के अनुसार रविवार की रात सुलसुलिया गांव में चोरों ने सुरेंद्र पासवान के घर का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब दो लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ली।

इसके बाद बगल में स्थित अनिल राम के घर को निशाना बनाया। यहां से भी चोर नकदी सहित करीब 70 हजार रुपये के जेवरात ले उड़े।इसी रात महदेईया गांव में नंदू राम के घर का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब 70 हजार रुपये के जेवरात चोरी कर ली।

वहीं बिलासपुर गांव में अमृत चौधरी के घर से नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और उनके पड़ोसी संत चौधरी के घर से नकदी सहित 50 हजार रुपये से अधिक के आभूषण चोरी कर लिये गये।बताया जाता है कि सभी घरों के लोग छठ पूजा के लिये घरों में ताला बंद कर घाट पर गये हुये थे।

इसी दौरान चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाया। जब लोग पूजा के बाद घर लौटे तो टूटे ताले और बिखरे सामान को देखकर उनके होश उड़ गये।

14 नवंबर की रात भी तीन घरों में हुई थी बड़ी चोरी

चोरी की वारदातों का सिलसिला यहीं नहीं थमा। इससे पहले 14 नवंबर की रात चोरों ने दो गांवों के तीन घरों में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। सोनपुरा गांव में अनिल राम के घर का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी सहित करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिये थे।

वहीं उनके पड़ोस में निर्मला देवी पति श्यामनारायण राम के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। यहां से नकदी सहित करीब तीन लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिये गये थे। इसी रात सुलसुलिया गांव निवासी विजय चौबे के घर का ताला तोड़कर चोर नकदी सहित करीब एक लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गये थे।

10 नवंबर को भी रामदत्त चौबे के घर हुई थी चोरी

इससे पहले 10 नवंबर की रात सुलसुलिया गांव निवासी रामदत्त चौबे के घर का ताला तोड़कर चोरों ने 17 हजार रुपये नकद, करीब 600 ग्राम चांदी के विभिन्न आभूषण और आठ ग्राम सोने का लॉकेट चोरी कर लिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के लोग अपनी संपत्ति और घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

डॉग स्क्वायड और टेक्निकल सेल की टीम जांच में जुटी

थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुये पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। सुलसुलिया और सोनपुरा गांव में डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और टेक्निकल सेल की टीम पहुंची। टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य और सुराग जुटाने का प्रयास किया। वहीं, पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिये संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

चोरी की घटनाओं का शीघ्र होगा उद्भेदन : थाना प्रभारी

इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि चोरी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और टेक्निकल सेल की टीम लगाई गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0