मिलावटी मिठाईयों पर चला खाद्य विभाग का डंडा, भंडरिया में 50 किलो मिठाई नष्ट
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। डीसी पशुपतिनाथ मिश्रा के निर्देश पर चलाये गये अभियान में खाद्य प्रतिष्ठानों, किराना दुकानों, होटलों और फूड कॉर्नरों की जांच की गई। इस दौरान भंडरिया में करीब 50 किलो संदिग्ध एवं मिलावटी मिठाईयां मौके पर ही नष्ट कराई गईं।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-3 किरण हेम्ब्रोम ने श्री बंशीधर नगर प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच की। उन्होंने दुकानदारों को एफएसएसएआई की सूची में शामिल नियम विरुद्ध एवं प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री और भंडारण नहीं करने की चेतावनी दी। वहीं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-4 रोहित कुमार के नेतृत्व में भंडरिया बाजार में अभियान चलाया गया।
टीम ने किराना दुकानों, होटलों और फूड कॉर्नरों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। रोहित कुमार ने दुकानदारों को प्रतिबंधित रंग और मिलावटी सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने तथा साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-1 दीप श्री के नेतृत्व में गढ़वा शहर में भी जांच की गई। बस स्टैंड क्षेत्र के लाल भंडार, जितेंद्र प्रसाद किराना भंडार, ऋत्विक नमकीन एंड जनरल स्टोर, बीरेंद्र जनरल स्टोर, गोलू चाय दुकान, शमशाद जनरल स्टोर और अयान पान दुकान एवं जनरल स्टोर आदि में कार्रवाई की गई।
यहां से किंडर जॉय, लोटे चोको पाई, कैंपा एनर्जी, रेड बुल और मॉन्स्टर एनर्जी ड्रिंक समेत अन्य सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को लाईसेंस लेकर ही व्यवसाय करने और प्रतिष्ठान में स्वच्छता बनाये रखने का निर्देश दिया।
उपस्थित खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों किरण हेम्ब्रोम, रोहित कुमार और दीप श्री ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0