अवैध हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार, भेजे गये जेल

Mar 3, 2026 - 18:54
अवैध हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार, भेजे गये जेल

बंशीधर न्यूज

हुसैनाबाद : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुये अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दरूआ मोड़ के समीप वाहन जांच के दौरान की गई। एसडीपीओ एस मोहम्मद याकुब ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मानखाप की ओर से बिना नम्बर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाईक पर सवार दो युवक हथियार के साथ जपला की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुये एक छापामारी दल का गठन किया गया और सशस्त्र बल के साथ दरूआ मोड़ पर वाहन जांच शुरू की गई। बताया गया कि सोमवार की शाम लगभग साढ़े सात बजे दरूआ गांव की ओर से आ रही संदिग्ध बाईक को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम अभिषेक कुमार (19 वर्ष), पिता महेंद्र चंद्रवंशी तथा नीतीश कुमार चंद्रवंशी (18 वर्ष), पिता राजू चंद्रवंशी दोनों ग्राम मानखाप, थाना हुसैनाबाद निवासी बताया। तलाशी के दौरान अभिषेक कुमार के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक नथिंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाईल फोन तथा एक हीरो स्प्लेंडर बाईक बरामद की गई।

वहीं नीतीश कुमार चंद्रवंशी के पास से एक नथिंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाईल बरामद हुआ। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी चंदन कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।उधर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0