सड़क हादसे में पांच की मौत, चार गंभीर

May 9, 2026 - 13:04
सड़क हादसे में पांच की मौत, चार गंभीर

बंशीधर न्यूज

गिरिडीह: जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक,कार सहित करीब 13 वाहनों को रौंद दिया। इस भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि दस से अधिक घायल हुए है। इनमें चार गंभीर रूप से घायल है। घटना शुक्रवार रात की है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और निमियाघाट पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया । जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक घायल की मौत धनबाद ले जाने के दौरान हुई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। जिसमें चार की स्थिति गंभीर है।

वहीं कुछ अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा था। इसलिए घायलों की संख्या बढ़ भी सकती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बगोदर की ओर से आ रही ट्रक संख्या( जेएच 02 बीएल 1853) बस पड़ाव के समीप एक बाइक को सटाते हुए तेज गति से इसरी की ओर भागने लगी। इसी दौरान इसरी पुल से पहले ट्रक ने एक बाइक और टाटा मैजिक को टक्कर मार दी।

इसके बाद सड़क किनारे खड़ी दो कार समेत कई वाहनों को रौंदते हुए ट्रक एक चहारदीवारी तोड़कर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में कुल 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने घटना के बाद ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों में डुमरी के नावाटांड़ निवासी कारी इरशाद (46) गिरिडीह निवासी सुजीत (37) एवं सिमरबेड़ा निवासी संतोष महतो (32) की पहचान हुई है।

जबकि दो अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी थी। घायलों में नावाटांड़ की रुखसार खातून,रांगामाटी निवासी सागीर इसरी की सुधा वर्मा तथा बगोदर निवासी संजय कुमार साव अन्य शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव, डुमरी के प्रभारी, एसडीएम संतोष गुप्ता एवं सीओ शशिभूषण वर्मा, सीओ ऋषिकेश मरांडी सहित थानों की पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को धेर्य बनाये रखने की अपील की है।

 ग्रामीणो के मुताविक तेज रफ्तार ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते करीब 13 वाहन उसकी चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे ने पल भर में हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया । सड़क पर पसरी चीख-पुकार और मलबे का मंजर बयां कर रहा है कि यह हादसा कितना दर्दनाक था। इधर, शनिवार को सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0