परमेश्वरी मेडिकल सेंटर में लिवर हाइडेटिड सिस्ट की दो सफल लैप्रोस्कोपिक सर्जरी

Jul 25, 2026 - 19:47
परमेश्वरी मेडिकल सेंटर में लिवर हाइडेटिड सिस्ट की दो सफल लैप्रोस्कोपिक सर्जरी

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : परमेश्वरी मेडिकल सेंटर में आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। अस्पताल में लिवर की हाइडेटिड सिस्ट से पीड़ित दो मरीजों का सफल ऑपरेशन दूरबीन विधि (लैप्रोस्कोपिक सर्जरी) से किया गया। वरिष्ठ लैप्रोस्कोपिक एवं जनरल सर्जन डॉ कुमार निशांत सिंह के नेतृत्व में दोनों सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अस्पताल प्रबंधन ने इसे क्षेत्र के मरीजों के लिये बड़ी उपलब्धि बताया है।

डॉ कुमार निशांत सिंह ने बताया कि हाइडेटिड सिस्ट एक गंभीर परजीवी रोग है, जो इचिनोकोकस नामक टेपवर्म के संक्रमण से होता है। यह संक्रमण संक्रमित कुत्तों तथा भेड़-बकरियों जैसे पशुओं के संपर्क में आने या दूषित भोजन एवं पानी के सेवन से फैलता है। शुरुआती अवस्था में बीमारी के लक्षण नहीं दिखते, लेकिन सिस्ट का आकार बढ़ने पर पेट दर्द, सूजन, भूख कम लगना, उल्टी, बुखार और पीलिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

 उन्होंने कहा कि समय पर इलाज नहीं होने पर सिस्ट फटने से संक्रमण फैलने, जानलेवा एलर्जिक प्रतिक्रिया, पित्त नलिकाओं में रिसाव और फोड़ा बनने जैसी गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सक से समय पर उपचार जरूरी है। डॉ सिंह के अनुसार लैप्रोस्कोपिक सर्जरी में बड़ा चीरा नहीं लगाना पड़ता, जिससे दर्द और रक्तस्राव कम होता है। संक्रमण का खतरा भी कम रहता है तथा मरीज कम समय में स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकता है।

 उन्होंने बताया कि इस तरह की सर्जरी तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण होती है, इसलिये अनुभवी सर्जन, आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षित एनेस्थीसिया टीम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीजों की बेहतर देखभाल के लिये पोस्ट-ऑपरेटिव मॉनिटरिंग, आवश्यकता पड़ने पर आईसीयू/एचडीयू, आधुनिक जांच सुविधाएं और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0