स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी में जुटा प्रशासन, टाउन हॉल मैदान में सुबह 9 बजे होगा मुख्य ध्वजारोहण

Jul 24, 2026 - 19:36
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी में जुटा प्रशासन, टाउन हॉल मैदान में सुबह 9 बजे होगा मुख्य ध्वजारोहण

बंशीधर न्यूज

गढ़वा : 15 अगस्त को आयोजित होने वाले 80 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में डीसी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुये विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य ध्वजारोहण समारोह गोविंद इंटर कॉलेज (टाउन हॉल) मैदान में सुबह नौ बजे आयोजित होगा। वहीं डीसी आवासीय कार्यालय में सुबह 8ः10 बजे, समाहरणालय में 9ः50 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 10ः15 बजे तथा पुलिस लाईन में 10ः40 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा।

 स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को शाम पांच बजे टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुतियां देंगी। डीसी ने मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, चिकित्सा सुविधा, आमंत्रण पत्रों का वितरण, प्रभात फेरी, परेड, राष्ट्रगान के पूर्वाभ्यास, स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद जवानों के आश्रितों के सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने, अग्निशमन, ध्वनि विस्तारक यंत्र, पेयजल, शौचालय, विधि-व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये।

उन्होंने ट्रैफिक एवं नो-एंट्री व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने पर जोर देते हुये कहा कि किसी भी कार्यक्रम में आवागमन बाधित नहीं होना चाहिये। साथ ही समारोह की स्टील फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और स्थानीय चैनलों के माध्यम से सीधा प्रसारण कराने का निर्देश जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को दिया।

बैठक में एसपी आशुतोष शेखर, डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, एसी विकास कुमार राय, कमांडेंट सीआरपीएफ-172 बटालियन, एसडीओ कुमार मयंक भूषण, जिला नजारत उप समाहर्ता धीरज प्रकाश, डीएसपी मुख्यालय यशोधरा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा, एसडीपीओ, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0