राजा पहाड़ी शिव मंदिर समिति ने पूर्व महामंत्री नंदलाल प्रसाद पर लगाये गंभीर आरोप

Jul 21, 2026 - 19:18
राजा पहाड़ी शिव मंदिर समिति ने पूर्व महामंत्री नंदलाल प्रसाद पर लगाये गंभीर आरोप

फर्जी ट्रस्ट में रंका के फैजान अहमद बने गवाह! बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : राजा पहाड़ी शिव मंदिर निर्माण समिति के निवर्तमान अध्यक्ष सिद्धेश्वर लाल अग्रवाल ने प्रेसवार्ता कर मंदिर से जुड़े विवादों और फैल रही अफवाहों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुये पूर्व महामंत्री नंदलाल प्रसाद पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने दावा किया कि 16 मई 2026 को नंदलाल प्रसाद ने गढ़वा रजिस्ट्री ऑफिस में अत्यंत गोपनीय तरीके से एक ट्रस्ट का गठन कर उसका पंजीकरण कराया, जिसमें केवल सात लोगों को शामिल किया गया।

समिति के अनुसार इस ट्रस्ट के गवाह के रूप में रंका निवासी फैजान अहमद के हस्ताक्षर कराये गये, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। समिति का आरोप है कि ट्रस्ट के बायलॉज इस तरह बनाये गये हैं कि भविष्य में केवल वर्तमान सदस्यों के परिवार के लोग ही इसके सदस्य बन सकेंगे। इसे सार्वजनिक धार्मिक स्थल पर निजी और पारिवारिक नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश बताया गया।

प्रेसवार्ता में यह भी दावा किया गया की स्थानीय शिकायतों पर एसडीओ द्वारा कराई गई जांच में फर्जी दान रसीदों का इस्तेमाल, निजी क्यूआर कोड के माध्यम से चंदा वसूली तथा अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की पुष्टि हुई है। समिति ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े आय-व्यय और ठेकेदारों के भुगतान का पूरा हिसाब अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया है।

समिति ने बताया कि इन आरोपों के बाद नंदलाल प्रसाद को पद से हटाया गया है। कथित फर्जी ट्रस्ट डीड को निरस्त कराने के लिये न्यायालय में वाद दायर किया गया है। जबकि संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 1
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 0
Wow Wow 0