राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक
समिति के पदाधिकारियों का चयन व मंदिर संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक गुरुवार को एसडीओ के कार्यालय कक्ष में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से समिति के पदाधिकारियों का चुनाव किया गया और मंदिर संचालन व श्रावणी मेला से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। समिति के पदाधिकारियों कामेश्वर प्रसाद एवं रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू को उपाध्यक्ष, लव कुमार को उपसचिव, शुभम प्रकाश को कोषाध्यक्ष, मनोज कुमार को सह कोषाध्यक्ष, अशोक सेठ को मीडिया प्रभारी एवं रामचंद्र पाठक को मुख्य पुजारी बनाया गया है।
बैठक में सर्वसम्मति से मंदिर प्रबंधन समिति की प्रतिमाह नियमित बैठक करने, सदस्यों की दो-तिहाई बहुमत के साथ मंदिर के संचालन के लिये नियमावली और विकास के लिये प्रस्ताव पारित करने, प्रत्येक माह सभी सदस्यों के समक्ष दान पेटी खोलने का निर्णय लिया गया। बैठक में राजा पहाड़ी शिव मंदिर के पुराने खाते पर हॉल्ड लगवाने व आईसीआईसीआई बैंक नगर ऊंटारी में मंदिर प्रबंधन समिति का नया खाता खोलने का निर्णय लिया गया।
साथ ही 27 जुलाई तक राजा पहाड़ी शिव मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कर राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रबंधन समिति को कार्यभार सौंपने का निर्णय लिया गया। मंदिर प्रबंधन समिति बैठक कर श्रावणी मेले की तैयारी व विधि व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्रशासन को देने की सहमति बनी।
बैठक में प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, नपं की अध्यक्ष साधना देवी एवं उपाध्यक्ष संध्या देवी, नपं के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा, लव कुमार, कामेश्वर प्रसाद, अशोक जायसवाल, कमलेश मेहता, मनोज कुमार मंटू, ओमप्रकाश गुप्ता, रजनीकांत मधुर, शुभम प्रकाश, मनोज कुमार, अशोक सेठ, विद्या भास्कर, अभय कुमार मिंटू, सचिन कुमार आदि उपस्थित थे।बैठक की अध्यक्षता एसडीओ सह पदेन सचिव प्रभाकर मिर्धा ने की।
बॉक्स में
नपं की अध्यक्ष साधना देवी एवं उपाध्यक्ष संध्या देवी ने बताया कि पवित्र श्रावण महीने में राजा पहाड़ी पर एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये सारी व्यवस्था की जाएंगी। राजा पहाड़ी शिव मंदिर तक आने-जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा नगर पंचायत से संबंधित अन्य आवश्यक कार्य समय पर पूरे किये जाएंगे।
मंदिर में दर्शन-पूजन के लिये कांवड़ लेकर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की जायेगी, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के श्रद्धा एवं आस्था के साथ भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0