किताबों के लिये बच्चों से कराई गई पलदारी

Jul 22, 2026 - 12:30
किताबों के लिये बच्चों से कराई गई पलदारी

बच्चों से पलदारी कराना दुर्भाग्यपूर्ण, जांच कर होगी कार्रवाई : एसडीओ

नीलू चौबे

श्री बंशीधर नगर : शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता माने जाते हैं। उनकी जिम्मेदारी बच्चों को शिक्षित कर बेहतर नागरिक बनाना है, लेकिन श्री बंशीधर नगर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। यहां शिक्षक छात्रों से मजदूरों की तरह किताब और कॉपी ढुलवा रहे हैं। यह मामला उत्क्रमित हाईस्कूल कधवन से जुड़ा हुआ है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को बीआरसी केंद्र अधौरा से कक्षा 9 वीं और 10 वीं के विद्यार्थियों के लिये किताब एवं कॉपियों का वितरण किया जा रहा था। इसी कड़ी में हाईस्कूल कधवन के शिक्षक भी छात्रों को साथ लेकर बीआरसी केंद्र पहुंचे। शिक्षकों ने स्वयं किताबों के पेटी को उठाने के बजाय छात्रों से ही टेंपो में लोड कराया।

बच्चे भी नई किताबें और कॉपियां मिलने की खुशी में बिना देर किये किताब कॉपी के बड़े-बड़े बंडल उठाकर वाहन में चढ़ाते रहे। इसके बाद वही छात्र किताबों से लदे टेंपो पर सवार होकर स्कूल के लिये रवाना हो गये। बीआरसी केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार स्कूलों को आवंटित किताबें और कॉपियां संबंधित शिक्षकों को स्कूल में ले जाकर विद्यार्थियों में वितरित किया जाना हैं।

इसके लिये उन्हें बजापते वाहन एवं पलदारी का पैसा मिलता है। ऐसे में छात्रों से इस तरह खुलेआम भारी सामान ढुलवाना नियमों व सुरक्षा दोनों की दृष्टि से गंभीर लापरवाही है।

उधर इस संबंध में पूछने पर एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने कहा कि बच्चों को शिक्षा देने के बजाय उनसे पलदारी कराना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0