एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का धरना-प्रदर्शन

Sep 19, 2026 - 20:40
एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का धरना-प्रदर्शन

बीडीओ सीओ हेमंत सोरेन के लोगों को परेशान करना बंद करें नहीं तो, ऑफिस में घुसकर होगी पिटाई : अनंत

एमएमडीआर रूपी काला कानून वापस नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन

बंशीधर न्यूज

श्री बंशीधर नगर : झामुमो की ओर से केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में शनिवार को प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने सूर्य मंदिर परिसर से जुलूस निकाला, जो मुख्य बाजार होते हुये प्रखंड मुख्यालय पहुंचा जहां सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुये विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह कला कानून झारखंड के हित में नहीं है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इसे वापस लेना होगा, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जायेगा। विधायक ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मंईयां सम्मान योजना को रोकने का प्रयास कर रही है, लेकिन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की जनता को योजना का लाभ देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है।

विधायक ने प्रखंड व अंचल कार्यालय की व्यवस्था को लेकर बीडीओ एवं सीओ पर नाराजगी जताते हुये कहा कि प्रखंड कार्यालय की व्यवस्था को खिलवाड़ बनाकर रख दिया गया है जो बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुये कहा कि हेमंत सोरेन के लोगों को परेशान करना बंद करें नहीं तो ऑफिस में घुस कर पिटाई करने का काम किया जायेगा। झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य ताहिर अंसारी ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक के खिलाफ लड़ाई झारखंड के सवा तीन करोड़ लोगों की लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि राज्य की 51 लाख बहनों को मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रतिमाह 2500 रुपये दिये जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार एमएमडीआर विधेयक लाकर झारखंड के हितों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार खान एवं खनिज संशोधन विधेयक वापस नहीं लेती है तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जायेगा।

उन्होंने कहा कि आंदोलन का पहला चरण प्रखंड स्तर से शुरू हुआ है। इसके बाद जिला मुख्यालय, रांची के मोरहाबादी मैदान और आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली तक आंदोलन किया जायेगा। कार्यक्रम में झामुमो के युवा नेता मानवेंद्र प्रताप देव उर्फ मन्नू बाबा, जिला परिषद सदस्य बाला रानी, जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, अमरनाथ पांडेय, महमूद आलम, सूर्यदेव मेहता, गट्टू कुमार, रजनीकांत मधुर, असगर अंसारी, कमलेश मेहता, नासिर अंसारी, शकील अहमद सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0