रामपुर गोलीकांड : तीन और आरोपितों ने अदालत में किया आत्मसमर्पण
फरार 11 आरोपितों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
बंशीधर न्यूज
पलामू: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए चर्चित गोलीकांड मामले में तीन और नामजद आरोपितों ने पलामू सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में जयराम सिंह, बादल सिंह और चंदन सिंह शामिल हैं।
पुलिस अब तीनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और फरार आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस के अनुसार, इस मामले में लगातार की जा रही छापेमारी और गिरफ्तारी के दबाव के कारण आरोपितों ने अदालत की शरण ली।
इससे पहले इस कांड के मुख्य आरोपित मंटू सिंह भी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि दो अन्य आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस तरह अब तक इस मामले में कुल छह आरोपित जेल जा चुके हैं। हालांकि, प्राथमिकी में नामजद 17 आरोपितों में से अभी भी 11 आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और अभियान जारी है।
गौरतलब है कि 23 मई को चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सकेन्द्र चौधरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया था।
मृतक सकेन्द्र चौधरी के पिता मधु चौधरी के बयान पर चैनपुर थाना में 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बुधवार को तीन आरोपितों के आत्मसमर्पण की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की लगातार दबिश के कारण उन्होंने अदालत में सरेंडर किया है।
उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। साथ ही फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0