पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे हुआ महंगा, नई दरें लागू

May 23, 2026 - 12:53
पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे हुआ महंगा, नई दरें लागू

बंशीधर न्यूज

नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की है। पेट्रोल के दाम में 87 पैसे लीटर और डीजल के भाव में 91 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमत एक रुपये प्रति किलो बढ़ गई हैं। नई दरें आज से लागू हो गई है।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार नई दिल्ली में पेट्रोल के दाम 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी के साथ अब 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल का भाव 91 पैसे महंगा होकर 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। तेल एवं विपणन कंपनियों ने पिछले 9 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम में तीसरी बार इजाफा किया है।

पेट्रोल, डीजल के दाम में 15 मई के बाद से यह तीसरी बढ़ोतरी है। सरकारी तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण बढ़ी ऊर्जा कीमतों का बोझ धीरे-धीरे उपभोक्ताओं पर डालना शुरू कर दिया है। 15 मई को कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई थी। उसके बाद 19 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम 90 पैसे लीटर बढ़ाये गये थे। कुल मिलाकर, ईंधन की कीमतों में लगभग 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतें 1 रुपये प्रति किलो बढ़ गई हैं। इस बदलाव के बाद दिल्ली में सीएनजी अब 81.09 रुपये प्रति किलो मिलेगी। वहीं, पिछले 10 दिनों में सीनएनजी की कीमत में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले सरकार ने 15 मई को सीएनजी के दाम 2 रुपये और फिर 18 मई को 1 रुपये बढ़ाए थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0