जर्जर पुल से गुजरने को मजबूर हजारों लोग, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
पांडू के बेलहरा गांव के समीप बांकी नदी पर बना पुल बड़ा हादसे का दे रहा है निमंत्रण
पुल से गुरजने वक्त थम जाती हैं लोगों की सांसें
बंशीधर न्यूज
पांडू : प्रखंड अंतर्गत अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहे बेलहरा गांव के समीप बांकी नदी पर बना जर्जर पुल आज भी हजारों लोगों के आवागमन का मुख्य सहारा बना हुआ है। स्थिति ऐसी है कि लोग प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर इस पुल से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया जाता है कि पुल के अधिकांश पिलर अत्यंत जर्जर हो चुके हैं। वहीं पुल का दो पिलर वर्ष 2024 में नदी में आयी भारी बाढ़ के कारण बुरीतरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावे कई स्थानों पर दरारें साफ दिखाई देती हैं। इसके बावजूद वैकल्पिक मार्ग नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों के पास इसी पुल का उपयोग करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
ग्रामीणों ने कई बार इस गंभीर समस्या को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष उठाया, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस पहल की गई है और न ही मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कोई कार्य शुरू हुआ है। इससे लोगों में आक्रोश और भय दोनों बढ़ते जा रहे हैं। भाजपा नेता धर्मदेव सिंह यादव ने इसकी भयावहता को देखते हुये वहां दूसरा पुल निर्माण कराने की जरूरत बताई है।
अन्यथा कभी भी बड़ी जान माल की हानि होने से कोई रोक नहीं सकता। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पुल करीब दो दशक पहले (वर्ष 2006) में बनाया गया था। लेकिन निर्माण के दौरान गुणवत्ता का समुचित ध्यान नहीं रखा गया। उस समय क्षेत्र के नक्सल प्रभावित होने के कारण अधिकारी भी निर्माण कार्य की निगरानी के लिये मौके पर नहीं पहुंच पाते थे, जिसके चलते पुल अधूरा और कमजोर बनकर रह गया।
यह पुल पांडू और छतरपुर प्रखंड के हजारों लोगों के लिये जीवनरेखा है। इसी रास्ते से लोग रोज प्रखंड और जिला मुख्यालय तक पहुंचते हैं। इतना ही नहीं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व बाहुबली विधायक बाबू विनोद सिंह का पैतृक गांव ओबरा भी इसी मार्ग से जुड़ा हुआ है।
भाजपा नेता श्री यादव व आसपास के ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब इस पुल के पुनर्निर्माण या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को टाला जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0