कस्तूरबा विद्यालय में चलाया गया जागरूकता अभियान
छात्राओं को साइबर सुरक्षा, मद्यनिषेध व महिला सुरक्षा की दी गई जानकारी
बंशीधर न्यूज
श्री बंशीधर नगर : कस्तूरबा गांधी बालिका प्लस उच्च विद्यालय अधौरा में छात्राओं को कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों की जानकारी देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने किया।
उस मौके पर महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी एवं अधिवक्ता व मेडिएटर संजय कुमार ने संयुक्त रूप से छात्राओं को मद्यनिषेध, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, डायल 112 एवं साइबर हेल्पलाईन 1930 के महत्व, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों, यौन अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा समाज में व्याप्त अन्य बुराईयों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
साथ ही छात्राओं को कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने छात्राओं से कहा कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, साइबर ठगी, छेड़छाड़ या अन्य अपराध की स्थिति में डरें नहीं, बल्कि तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी सूचना दें।
उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत करने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सकता है। उन्होंने छात्राओं से सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की भी अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे। वहीं अनुमंडल अस्पताल की चिकित्सकीय टीम द्वारा छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यवहारिक तरीके से उत्तर दिया। विद्यालय प्रबंधन ने ऐसे कार्यक्रमों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षा के लिये अत्यंत उपयोगी बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0