डीसी ने की कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
बंशीधर न्यूज
गढ़वा : समाहरणालय सभागार में डीसी दिनेश यादव की अध्यक्षता में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लिये चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर उनके प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
समीक्षा के दौरान प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, साइकिल योजना, बिरसा आवास योजना, धुमकुड़िया भवन निर्माण, वन अधिकार अधिनियम-2006, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, सरना स्थल एवं कब्रिस्तान घेराबंदी, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, छात्रावासों का जीर्णोद्धार, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना समेत कई योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं की पहचान कर उनके निष्पादन में तेजी लाई जाय तथा निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाय। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाय, ताकि लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक पहुंचे।
छात्रवृत्ति योजनाओं को लेकर उन्होंने भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाये रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान से जुड़ी हैं, इसलिये इनका प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, कार्यपालक अभियंता (भवन प्रमंडल) प्रेमलाल सिंह, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल) अजय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0