एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट, चार घायल

Mar 15, 2026 - 18:44
एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट, चार घायल

बंशीधर न्यूज

पलामू: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया चौक के समीप एक गैस गोदाम में रविवार दोपहर दो बजे रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ। एक-एक करके कई धमाके हुए, जिससे चार लोग जख्मी हो गए। गोदाम में आग लग गई और धुआं भर गया है। गंभीर रूप से जख्मी सभी लोगों को इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार मौके पर पहुंच गए हैं और घटना की जानकारी ले रहे हैं। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना से आसपास सनसनी फैल गई है और बैरिया से सुदना रोड पर आवागमन बंद हो गया है। गैस गोदाम अजय गुप्ता का बताया गया है और उसकी एजेंसी पांडु के कुटुमू में है।

आसपास के लोगों के अनुसार बैरिया चौक स्थित उत्कर्ष फाइनेंशियल बैंक के नीचे अंडर ग्राउंड में गैस गोदाम है। काफी देर से गैस रिसाव हो रहा था और उसका स्मेल बाहर तक आ रहा था। दोपहर में करीब 2 बजे विस्फोट होने लगा। तीन से चार बार जोरदार धमाके हुए। इसी क्रम में गोदाम के अंदर से जख्मी हालत में चार लोग बाहर निकले। वे बुरी तरह से लहूलुहान थे।

सूचना मिलने पर अगल-बगल के लोगों ने विंध्याचल हॉस्पिटल के एंबुलेंस से सभी जख्मी को इलाज के लिए एमएमसीएच में भेजा। घटना की जानकारी पुलिस को दी। एमएमसीएच में भर्ती जख्मी में पांडु मुसा निवासी धर्मेंद्र सिंह, लातेहार गोवा निवासी विक्रम कुमार सिंह ने बतया की खाना बना रहे थे। इसी क्रम में सिलेंडर विस्फोट हुआ ।

पांडू निवासी आलोक कुमार कुटमू एवं सुदना मुकेश कुमार भी साथ में थे। हालांकि संभावना है कि गैस की किल्लत होने के कारण सारे लोग गोदाम में छोटे सिलेंडर में गैस भरने का काम कर रहे होंगे इसी क्रम में विस्फोट हुआ। घटना के कारण जानने के लिए पुलिस जांच में जुटी है और जल्द स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0