अवैध खनन करते मंत्री ने पकडा तीन टेलर और एक पोकलेन जब्त

Jun 12, 2026 - 17:48
अवैध खनन करते मंत्री ने पकडा तीन टेलर और एक पोकलेन जब्त

बंशीधर न्यूज

पलामू: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर गुरूवार रात सिंघम बने नजर आए। उन्होंने फिल्मी स्टाइल में पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में पहाड़ पर हो रहे अवैध खनन को लेकर रेड मारी। इस क्रम में तीन टेलर और एक पोकलेन जब्त किये गये, जबकि इंटर स्टेट माइनिंग गिरोह का खुलासा हुआ। मंत्री के अचानक कार्रवाई करने से प्रशासनिक महकमा सकते में पड़ गया।

खनन विभाग इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गया है। मंत्री के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि बटाने डैम रोड में गोसाईडीह और देवताही इलाके में पिछले दिनों मिट्टी मोरम का अवैध खनन करना वाला गैंग छतरपुर के देवगन-दीनादाग-रेंगनिया इलाके में सक्रिय है और ग्रामीणों को डरा धमका कर देर रात पहाड़ पर अवैध खनन करता है।

मंत्री रांची से देर रात सीधे मौके पर पहुंचे। यहां आने के बाद पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी और छतरपुर के एसडीपीओ प्रशांत कुमार को सूचना दी। पुलिस टीम के आने के बाद की गयी कार्रवाई में तीन टेलर, एक पोकलेन सहित अन्य वाहन जब्‍त किए गए। अंधेरे का फायदा उठाकर खनन कार्य में लगे तस्कर फरार हो गए।

पिछले एक साल से इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिट्टी मोरम का अवैध खनन हो रहा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस और अंचल अधिकारी को कई बार जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थानीय विधायक और मंत्री होने के कारण उन्होंने पहल की। मंत्री ने कहा कि अवैध खनन से राज्य सरकार को काफी राजस्व नुकसान हो रहा है।

मुख्यमंत्री सह खान मंत्री ने राज्य भर में अवैध खनन रोकने संबंधित कड़े निर्देश जारी किए हैं। इससे जीएसटी का भी बड़ा नुकसान हो रहा था। उन्होंने एसपी और डीएसपी को मामले पर नजर रखने और दोबारा से इस क्षेत्र में अवैध खनन न हो, इसकी जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार अनुमंडल मुख्यालय से 09 किलोमीटर दूर देवगन-दीनादाग-रेंगनिया इलाके में हर दिन रात 10 बजे से सुबह 04 बजे तक सुरक्षित वनक्षेत्र में मिट्टी मोरम का अवैध खनन होता था। तस्करी के धंधे में बिहार के लोग शामिल थे। सारी मिट्टी मोरम बिहार में बन रहे एक्सप्रेस वे में खपाया जा रहा था।

ग्रामीणों को डरा धमका कर रात 09 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलने की सख्त हिदायत दी जाती थी। खनन कार्य के लिए तस्कर पोकलेन को टेलर में लोड करके ले जाते थे और मौके पर उतार देते थे। रात भर पहाड़ काटते थे और मिटटी मोरम बिहार भेज देते थे।

जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सभी वाहनों को जब्‍त कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। सभी के विरूद्ध लघु खनीज अधिनियम की विभिन्न धराओं में कार्रवाई की जा रही है। वाहनों का रजिस्ट्रेशन छतीसगढ और बिहार राज्य से है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0