चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर पलामू में एनआरएचएम कर्मियों का आक्रोश, हड़ताल की चेतावनी

Mar 10, 2026 - 18:56
चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर पलामू में एनआरएचएम कर्मियों का आक्रोश, हड़ताल की चेतावनी

बंशीधर न्यूज

पलामू: पलामू जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के कर्मियों का सब्र अब टूटता नजर आ रहा है। पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और अपनी नाराजगी जाहिर की।

कर्मियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे बुधवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें नवंबर 2025 से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वेतन के अभाव में उनके हालिया पर्व-त्योहार फीके गुजर गए और अब घर की बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।

बच्चों की स्कूल फीस, राशन और दवाइयों तक के लिए उन्हें कर्ज का सहारा लेना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों ने भावुक होकर बताया कि घर की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि अब काम पर आना भी कठिन हो गया है। कर्मियों का आरोप है कि विभाग की ओर से बार-बार आश्वासन दिया गया, लेकिन फरवरी 2026 बीत जाने के बाद भी उनके बैंक खातों में वेतन नहीं पहुंचा।

थक-हारकर कर्मचारियों ने सामूहिक निर्णय लिया है कि जब तक वेतन भुगतान की ठोस प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक वे काम नहीं करेंगे। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने प्रशासन को सूचित किया है कि बुधवार से सभी एनआरएचएम कर्मी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित तो रहेंगे, लेकिन सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाओं में होने वाली किसी भी परेशानी के लिए विभाग और प्रशासन जिम्मेदार होगा।

कर्मियों की प्रमुख मांगों में लंबित वेतन का अविलंब भुगतान, भविष्य में वेतन का नियमित भुगतान सुनिश्चित करना, केवल मौखिक आश्वासन के बजाय लिखित आदेश जारी करना और उसका तत्काल क्रियान्वयन शामिल है। इस अवसर पर चंचला कुमारी, अनुज कुमार, पूनम कुमारी, अनीमा टोपनो, कुसुम सांगा, अमीषा कुमारी, खुशबू कुमारी और चंदन कुमार सहित दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0