गांव की बेटी रीना ने किया कमाल, इंस्पायर अवार्ड के लिए राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन

Oct 8, 2026 - 18:35
गांव की बेटी रीना ने किया कमाल, इंस्पायर अवार्ड के लिए राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन

जल प्रदूषण रोकने का बनाया अनूठा मॉडल, नदियों-नालों से प्लास्टिक व कचरा अलग करने की दिखाई आसान तकनीक

बलराम शर्मा

मेराल: प्रतिभा किसी शहर, सुविधा या संसाधन की मोहताज नहीं होती। इसे साबित कर दिखाया है मेराल प्रखंड के अटौला उच्च विद्यालय की छात्रा रीना कुमारी ने। बाजूडीह गांव निवासी सुरेश राम की पुत्री रीना का चयन उसकी अभिनव सोच और उपयोगी मॉडल के लिए इंस्पायर अवार्ड के राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय, गांव और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

रीना ने बढ़ते जल प्रदूषण की गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिसमें नदियों और नालों में जमा प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को पानी से आसानी से अलग करने की तकनीक प्रदर्शित की गई है। सीमित संसाधनों के बावजूद रीना ने अपनी रचनात्मक सोच, लगन और मेहनत से इस मॉडल को तैयार किया।

उसके मॉडल ने विद्यालय स्तर से लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक का ध्यान आकर्षित किया। मॉडल की उपयोगिता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इसके उद्देश्य को देखते हुए रीना का चयन इंस्पायर अवार्ड के लिए राष्ट्रीय स्तर पर किया गया। मेराल प्रखंड के बीपीएम रवि कुमार वैद्य ने बताया कि रीना की प्रतिभा और मेहनत से प्रभावित होकर जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने छात्रा को उपहार देकर उसका उत्साहवर्धन किया।

रीना की यह उपलब्धि न केवल उसके परिवार और विद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की उन प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा है, जिन्हें उचित अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0