ड्यूटी ऑवर में स्कूल में सो रहे शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था पर खड़े हुये गंभीर सवाल

Mar 20, 2026 - 17:44
ड्यूटी ऑवर में स्कूल में सो रहे शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था पर खड़े हुये गंभीर सवाल

ग्रामीणों ने शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने पर मुखिया के नेतृत्व में उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

बंशीधर न्यूज

उंटारी रोड : प्रखंड के लकड़ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय में एक शिक्षक की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। जानकारी के अनुसार शिक्षक स्कूल समय में कक्षा लेने के बजाय कार्यालय में कुर्सी पर पैर चढ़ाकर सोते हुये पाये गये।

बताया जाता है कि बच्चों की सूचना पर अभिभावकों ने मौके पर पहुंचकर फोटो और वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करते हुये उच्च पदस्थ विभागीय अधिकारियों से संबंधित शिक्षक के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में काफी आक्रोश है और लोग वर्तमान शिक्षण व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।

उक्त स्कूल के प्रधानाध्यापक भी कई आरोपो से घिरे हैं। उनका भी प्रभार हटाने के लिये जिले में रिपोर्ट भेजा जा चुका है बावजूद अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले यही शिक्षक मिथिलेश सिंह मध्याह्न भोजन के प्रभार में थे। उस दौरान भी भोजन व्यवस्था में गड़बड़ी को लेकर अभिभावकों ने जोरदार हंगामा किया था।

उस समय गांव की मुखिया मीणा देवी ने भी कड़ी नाराजगी जताते हुये अनियमितताओं का आरोप लगाया था और शिकायत को गंभीरता से लिया था। मुखिया व अभिभावकों की शिकायत पर बीईईओ ने जांच करवाकर संबंधित शिक्षक को प्रभार से हटाने की बात कही थी। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

 इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। मुखिया और सामाजिक कार्यकर्ता पारस कुमार ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और ऐसे मामलों में शिक्षा विभाग को त्वरित एवं कठोर कदम उठाने चाहिये। उधर बीपीओ नरेंद्र सिंह ने दुरभाष पर इस संबंध में बताया कि उन्हें भी इसकी जानकारी मिली है, जांच कर उक्त शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0