ब्रेन हेमरेज से युवक का रांची में इलाज के दौरान निधन
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, हर आंख हुई नम
दो दिन पहले अचानक बिगड़ी थी अमर रजवार की तबियत
बंशीधर न्यूज
उंटारी रोड : थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखडीहा गांव में उस समय मातम छा गया, जब 25 वर्षीय अमर रजवार का शव गांव पहुंचा। गांव की गलियों में चीख-पुकार गूंज उठी और हर आंख से आंसू बहने लगे। प्रखंड के लुम्बा सतबहिनी पंचायत के शेखडीहा टोला निवासी अमर रजवार की तबीयत दो दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान अचानक बिगड़ गई थी।
परिजन पहले उन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज के लिये ले गये। फिर गढ़वा सदर अस्पताल और बाद में रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की, लेकिन गुरुवार देर रात इलाज के दौरान अमर ने दम तोड़ दिया। अमर रजवार अपने मिलनसार स्वभाव और हमेशा मुस्कुराते रहने के कारण पूरे गांव में लोकप्रिय थे। गांव के लोग बताते हैं कि वे हर किसी की मदद के लिये तैयार रहते थे और उनकी हंसी से माहौल खुशहाल हो जाता था।
उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सेवानिवृत्त रेलकर्मी स्वर्गीय नान्हकुली रजवार के पांच पुत्रों में अमर सबसे छोटे थे। तीन वर्ष पूर्व ही उनका विवाह हुआ था। परिवार और गांव वालों ने कभी नहीं सोचा था कि इतनी कम उम्र में अमर सभी को छोड़कर चले जाएंगे।
अमर के असमय निधन से पूरा गांव सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दे रहे हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को कोयल नदी की तट पर किया गया। शवयात्रा में विधायक नरेश प्रसाद सिंह समेत आसपास के सैकड़ों लोग शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
3
Wow
0